देश में अगर विकास मॉडल की बात हो तो गुजरात मॉडल ही सर्वाधिक चर्चा में रहता है। भारत का यह प्रमुख पश्चिमी राज्य देश का सर्वाधिक समृद्ध प्रदेश भी है क्योंकि यहाँ बड़े-बड़े उद्योग कारखाने तो हैं ही भारत के सबसे अमीर लोगों में शुमार मुकेश अंबानी भी इसी राज्य से आते हैं। देश में अगर कपड़ा और हीरा कारोबार की बात हो तो गुजरात का शहर सूरत इस मामले में नंबर एक पर आता है। 40 बंदरगाहों वाला यह राज्य व्यापार और पर्यटन के मामलों में तो नंबर एक पर है ही साथ ही अगर धार्मिक दृष्टि से देखें तो हिन्दू बहुल इस राज्य में अन्य धर्मों के लोग भी अच्छी खासी संख्या में हैं। सोमनाथ मंदिर, द्वारका पुरी और अक्षरधाम मंदिर जहां प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को दर्शाते हैं वहीं सांस्कृतिक रूप से देखें तो यह राज्य नवरात्रि के गरबा और मकर संक्रांति के उल्लास के लिए भी जाना जाता है। सतपुड़ा के पर्वत, गिर के वन, कच्छ का रण और अब विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा सरदार पटेल की प्रतिमा भी गुजरात में ही है।
राजनीतिक दृष्टि से देखें तो गुजरात इस मामले में भाग्यशाली रहा कि यहां स्थायी सरकारें रहीं। ....